कड़ी सुरक्षा में हुई अनिल दुजाना की पेशी
मुजफ्फरनगर। छपार के खाद व्यापारी की हत्या के मामले में शामिल आरोपी अनिल दुजाना की कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेशी हुई। मुकदमे के गवाह के अदालत में नहीं आने के कारण कोर्ट ने पांच जनवरी की तारीख नियत की। कोर्ट में पेशी के बाद शातिर को कड़ी सुरक्षा में महाराजगंज जेल वापस ले जाया गया।
करीब चार साल पहले छपार में खाद व्यापारी की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में अनिल दुजाना भी आरोपी है। वह वर्तमान में महाराजगंज की जेल में बंद है। वहां की जेल में वीडियो क्रांफेंसिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे बुधवार को इस मुकदमे की तारीख होने पर यहां कोर्ट में पेश किया गया। उसे कड़ी सुरक्षा में यहां लाया गया। मुकदमे का मुख्य गवाह कोर्ट में पेश नहीं हो सका। कोर्ट में पेशी के बाद अनिल दुजाना को वापस महाराजगंज भेजा गया। इस दौरान सिविल लाइन इंस्पेक्टर डीके त्यागी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। उसके यहां कोर्ट में पेश करने के पहले पुलिस ने कचहरी में तलाशी अभियान भी चलाया।