मीरापुर। कस्बे के मोहल्ला मोरी निवासी कंप्यूटर इंजीनियर ने पत्नी से विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
मीरापुर के मोहल्ला मोरी निवासी सुरेश चंद टेलर का पुत्र संजय उर्फ पप्पू (37) नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में कंप्यूटर इंजीनियर था। पीड़ित पिता ने बताया कि संजय 28 अप्रैल को दस दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। सोमवार दोपहर करीब दो बजे संजय की मां विद्या और बहन रूबी दवाई लेने के लिए रामराज गई थी। मां और बहन दवाई लेकर लौटी तो उन्होंने संजय को कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ देखा। देखकर मां-बेटी गश खाकर गिर पड़ी। संजय ने साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। संजय के दोनों हाथ भी पीछे रस्सी से बंधे थे।
परिजनों के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पंखे से उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता के पिता ने बताया कि उसके पुत्र की पांच वर्ष पूर्व गढ़मुक्तेश्वर निवासी युवती से शादी हुई थी। विवाह के बाद से ही संजय का अपनी पत्नी से मतभेद चल रहा था। इसी को लेकर संजय अक्सर तनाव में रहता था। पीड़ित पिता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि जांच में मामला गृहक्लेह का लग रहा है। जांच की जा रही है।