मीरापुर। गांव कैलापुर जसमोर और कासमपुर खोला क्षेत्र के विद्युत विभाग के जेई यशपाल तेजयान ने दोनों गांव के 18 लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई है। सभी आरोपियों के बकायेदारी के चलते कनेक्शन काट दिये गए थे। निरीक्षण के दौरान सभी आरोपी कटिया डाल कर बिजली चोरी कर रहे थे।
जेई ने गांव कासमपुर खोला निवासी जबर सिंह, सुधीर, सोमनी, महकार, नीरज उर्फ बिल्लू, छोटू, योगेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार कैलापुर जसमोर निवासी भंवर सिंह, सुरेंद्र कुमार, प्रीतम कौर, सोमवती, रमेश चंद, रमेश सिंह, हरपाल, राधेश्याम, राजेंद्र कुमार व रामधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, मीरापुर के जेई विनीत कुमार सैनी ने क्षेत्र के छह उपभोक्ताओं के विरुद्ध बिजली चोरी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करायी। शमशाद, शरीफ अहमद, हाशिम, घसीटा निवासीगण मोहल्ला मुश्तर्क तथा गढ़ी रसूलपुर निवासी अवनीश शामिल हैं।
कैंप में छह लाख वसूले
मीरापुर। रामराज बिजलीघर पर लगे वसूली कैंप में छह लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि 35 नलकूपों के तथा 52 घरेलू बिल ठीक किए गए। अभियान चला कर 15 बकायदारों के कनेक्शन काटे गए। रामराज जेई इंद्रमणि ने बताया कि कैंप में अधीक्षण अभियंता एके आत्रेय, अधिशासी अभियंता अनुराग भल्ला, एसडीओ जानसठ भुवन राज सिंह आदि सक्रिय रहे तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का निदान किया।
बीएसएनएल सेवा ठप रही
मीरापुर। भारतीय दूर संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की सेवायें बाधित होने से क्षेत्र के सभी बैंकों व डाकघर में कामकाज ठप रहा। दिनभर बैंकों में ग्राहकों का तांता लगा रहा। बैंक कर्मचारियों ने किसी तरह ग्राहकों को समझा बुझाकर उनका गुस्सा झेला। उल्लेखनीय है कि बैंकों तथा डाकघर में आनलाइन सेवायें बीएसएनएल नेटवर्क से जुड़ी हैं।