शाहपुर (मुजफ्फरनगर)।
गांव पलड़ा में चार दिन पूर्व एक शिक्षिका के साथ हुई छेड़खानी पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर गांव में पंचायत बुलाई गई। इसमें पुलिस की मौजूदगी में पंचों ने आरोपी युवक को पांच जूतों की सजा सुनाकर मामले को रफदफा कर दिया। हालांकि पंचायत के फरमान का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आ गई और मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शाहपुर के गांव पलड़ा में एक विवाहिता स्कूल में शिक्षिका है। चार दिन पूर्व गांव के ही एक दूसरे समुदाय के युवक ने शिक्षिका के साथ रास्ते में छेड़खानी की। शिक्षिका अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग घटना की शिकायत करने थाने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में उन्हें डायल 100 की गाड़ी मिली। परिवार के लोगों ने डायल 100 पर मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद डायल 100 की गाड़ी गांव में पहुंची और आरोपी युवक के परिजनों से मिले। किंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई। दूसरी ओर गांव के गणमान्य लोग भी पीड़िता के परिवार पर फैसला करने का दबाव बनाते रहे। मगर, शिक्षिका आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई कराने की जिद पर अड़ी रही। शिक्षिका के कड़े रुख को देखते हुए गांव के लोगों ने शनिवार को गांव के ही रविदास मंदिर के पास पंचायत आयोजित की। सूचना पर शाहपुर पुलिस भी पंचायत में पहुंच गई। पंचायत में आरोपी युवक और उसके परिजनों को बुलाया गया। पंचों ने आरोपी की गलती मानते हुए पांच जूते मारने की सजा का फरमान सुना दिया। गांव के ही एक युवक ने आरोपी को पांच जूते मारकर मामले को रफा-दफा कर दिया। इस दौरान पंचायत में किसी युवक ने पूरा वीडियो बना लिया। बाद में पंचायत का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और आनन-फानन में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।