बुढ़ाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर शुक्रवार रात सराय स्टैंड के निकट तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा व दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सराय निवासी मुन्नी (45) पत्नी नवाब शुक्रवार को बेटे इंतजार व दामाद सोनू के साथ बाइक पर शामली दवा लेने गई थी। रात करीब 8.10 बजे शामली से लौटते हुए जब वे मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सराय में ही बस स्टैंड पर पहुंचे, सामने से आती तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां महिला मुन्नी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, दोनों घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही थी।