लापता किशोर सहारनपुर में सकुशल मिला
रतनपुरी/खतौली। गांव डबल से लापता किशोर आदित्य त्यागी सहारनपुर के नांगल क्षेत्र के गांव बलाचौर में मिल गया। पुलिस ने किशोर को उसके दादा की सुपुर्दगी में दे दिया है।
गांव निवासी रविदत्त त्यागी ने थाने में तहरीर दी थी कि उसका 13 वर्षीय पौत्र आदित्य त्यागी पुत्र योगेश त्यागी 30 मई की शाम को रतनपुरी से अपनी दादी की दवाई लेने के लिए कहकर घर से निकला था। हालांकि शाम तक भी नहीं लौटा। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद आदित्य का कोई सुराग नहीं लग सका। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने एक जून को आदित्य के लापता होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस किशोर की तलाश में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक आदित्य को उसकी मां ने किसी बात पर डांट दिया था, जिससे नाराज होकर वह ट्रेन से सहारनपुर पहुंच गया। वहां स्टेशन पर जब एक व्यक्ति उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने लगा, तो वहां मौजूद युवक शिवा सैनी, निवासी गांव बलाचौर आदित्य को उस व्यक्ति से छुड़वाकर अपने साथ अपने गांव ले आया। शिवा द्वारा पूछताछ करने पर भी किशोर ने अपने घर व परिजनों के विषय में कुछ भी नहीं बताया। इसके बाद शिवा सैनी ने आदित्य को अपने साथ घर पर बालक की तरह ही रखा। 24 जून को आदित्य की जेब से मिले एक सिम को शिवा के भाई ने चलाया। इस पर मोबाइल में उपलब्ध नंबरों पर संपर्क करने पर आदित्य की बुआ से उसके लापता होने के बारे में जानकारी हुई। बुआ ने परिजनों के माध्यम से पुलिस से संपर्क किया। सूचना पर पुलिस परिजनों को साथ लेकर बलाचौर गांव पहुंची। पुलिस आदित्य को वहां ले आई। पुलिस ने आदित्य को उसके दादा की सुपुर्दगी में दे दिया है।