महिला थाने में जहर खाकर जान देने की धमकी दी
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। बेटी-दामाद के बीच चल रहे मामले में सही तरीके से सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए महिला के पिता ने महिला थाने में जमकर हंगामा किया। ग्रामीण गांधी कॉलोनी फ्लाईओवर के बीचोबीच सड़क पर जा लेटा और थाने में जहर खाकर जान देने की धमकी दी। बमुश्किल समझा-बुझाकर ग्रामीण को शांत किया गया।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव दूधाहेड़ी निवासी युवती की शादी करीब 11 साल पूर्व गांव पुरा निवासी से हुई थी। पिछले करीब तीन माह से दंपती के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई, जिस पर महिला मायके चली गई और महिला थाने में तहरीर देकर पति पर उत्पीड़न का आरोप लगा डाला। उक्त मामले में फिलहाल महिला थाना पुलिस सुनवाई कर दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को दोनों पक्ष महिला थाने में तारीख पर पहुंचे थे। वहां सुनवाई के दौरान मनमाफिक तारीख नहीं मिलने पर महिला का पिता बिगड़ गया और हंगामा करते हुए गांधी कॉलोनी फ्लाईओवर पर बीच सड़क पर जा लेटा। किसी तरह उसे वहां से हटाया गया तो उसने महिला थाना पुलिस पर दामाद का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए थाने में ही जहर खाकर जान दे देने की धमकी दे डाली, जिससे बखेड़ा खड़ा हो गया। बमुश्किल ग्रामीण को समझा-बुझाकर शांत किया गया, जिसके बाद महिला को उसके मनमाफिक तारीख देकर घर भेज दिया गया।