मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी जितेंद्र ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी सिमरन कौर 15 जून की दोपहर बिना किसी को कुछ बताए घर से नकदी-जेवर व कीमती कपड़े आदि सामान लेकर चली गई। महिला को हरसंभव स्थान पर तलाश किया गया, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोपी दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला ने शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी रईस पुत्र निजामुद्दीन व तीन अन्य लोगों पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और प्लॉट बेचकर रुपये हड़पने के आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में आरोपी रईस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नशे में धुत शरारती तत्वों ने युवक को पीटा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रैदासपुरी निवासी विक्रम ने तहरीर देकर बताया कि वह गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। सोमवार की रात को वह काम निपटाकर घर जा रहा था। आरोप है कि घर से पहले गली में नशे की हालत में खड़े कई युवकों ने उसे अकारण रोककर पीट दिया। इससे उसका सिर फट गया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।