दामाद से मारपीट में चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मीरापुर। गांव चुड़ियाला में ईद मिलने आए दामाद को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी घर से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जानसठ थाना क्षेत्र के गांव पिमोड़ा निवासी नसीम पुत्र सईद बुधवार की शाम करीब सात बजे अपनी ससुराल ग्राम चुड़ियाला में अपनी पत्नी के साथ ईद मिलने के लिए आया था। बताया जाता है कि नसीम के करीब एक लाख रुपये ससुराल पक्ष के लोगों पर उधार हैं। बातचीत के दौरान नसीम ने अपने साले व ससुर आदि से अपने उधार के रुपये मांगे तो दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने नसीम को बंधक बना लिया। इस झगड़े की जानकारी गांव के ही एक व्यक्ति ने नसीम के परिजनों को फोन पर दी। दर्जनों लोग पिमोड़ा से चुड़ियाला पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई। जानकारी मिलने पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया और बंधक बनाए गए नसीम को छुड़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों की पुलिस भी तनातनी हो गई। पुलिस ने किसी तरह नसीम को बंधन मुक्त कराया और उसका सीएचसी जानसठ मेडिकल परीक्षण कराया। काफी चोटें लगी होने के कारण उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में घायल नसीम की मां नवाबो ने मीरापुर थाने पहुंचकर नसीम के ससुराल पक्ष के जहूर उर्फ अब्दुल्ला, ईनामुल्ला व अतीकुल्ला पुत्रगण जहूरखां, अकील पुत्र नूर मोहम्मद निवासीगण चुड़ियाला के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सभी आरोपी फरार हैं।