हाईवे पर लिफ्ट देकर नकदी-अंगूठी व मोबाइल लूटा
छपार (मुजफ्फरनगर)। हाईवे पर मंगलवार देर रात रामपुर तिराहे से युवक को ज्वालापुर के लिए लिफ्ट देकर कार सवार तीन लुटेरों ने तमंचा सटाकर उससे नकदी-सोने की अंगूठी और मोबाइल लूट लिया। लूटपाट के बाद लुटेरे युवक को जयभारत इंटर कॉलेज के पास फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के ज्वालापुर निवासी अनिल सैनी मंगलवार को रामपुर तिराहे पर अपनी प्राइवेट रूट पर चलने वाली बस को ठीक करा रहा था। देर रात करीब 9.20 बजे वह घर लौटने के लिए रामपुर तिराहे पर ही वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान मेरठ की तरफ से आती कार वहां रुकी, जिसमें सवार तीन लोगों ने उसे ज्वालापुर ले जाने की बात कहकर कार में बैठा लिया। पीड़ित का कहना है कि जैसे ही कार बढेड़ी चौराहे से आगे निकली, कार सवार तीनों युवकों ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया और गोली मारने की धमकी देकर उसके पास मौजूद तीन हजार की नकदी, सोने की अंगूठी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे युवक को हाईवे पर ही जयभारत इंटर कॉलेज के पास फेंककर फरार हो गए, जिसके बाद पीड़ित ने किसी तरह थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।