मुकंदपुर के प्रधान ने की लेखपाल से मारपीट
तितावी। गांव मुकंदपुर के प्रधान मनोज कुमार द्वारा लेखपाल दीपक कुमार के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना को लेकर मारपीट कर दी। लेखपाल ने प्रधान के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
तितावी थाने में तहरीर देते हुए लेखपाल दीपक कुमार पुत्र सुरेशचन्द ने बताया कि वह गांव मुकंदपुर में ग्राम प्रधान मनोज के बराबर में बने एक घेर में कार्य कर रहा था। आरोप है कि प्रधान मनोज अपने कुछ साथियों के साथ आया और लेखपाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के अंतर्गत दो-दो हजार रुपये खाते आने के बारे में पूछने लगा। लेखपाल ने उक्त योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है। आरोप है कि इस दौरान मनोज प्रधान खफा हो गया और अपने साथियों के साथ मिलकर गालीगलौज करते हुए लेखपाल दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। लोगों ने लेखपाल की जान बचाई। लेखपाल ने तितावी थाने में मनोज प्रधान व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।