मुजफ्फरनगर। गांव सुजडू में पुलिस ने गोकशी का भंडाफोड़ करते हुए एक क्विंटल से अधिक मांस और कटान के उपकरण बरामद किए हैं। पांच आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।
शहर कोतवाली के वहलना चौकी इंचार्ज एसआई कपिलदेव ने सोमवार तड़के सूचना के आधार पर गांव सुजड़ू में दबिश दी। एसआई ने बताया कि मौके पर पांच आरोपी गोकशी करते मिले, जो पुलिस टीम को देखते ही दीवार फांदकर फरार हो गए। मौके से 1.20 क्विंटल मांस के साथ ही पशु अवशेष और कटान के उपकरण बरामद किए गए। एसआई के अनुसार, फरार हुए आरोपियों की पहचान गांव सुजड़ू की खालसा पट्टी निवासी मुन्ना पुत्र इदरीश, लीकड़ा पट्टी निवासी फरमान पुत्र यामीन व चुन्नू पुत्र कय्यूम, मोहल्ला दीन मोहम्मद निवासी सोमीन पुत्र अमीर व सुक्खा पुत्र खुर्शीद के रूप में हुई। मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया, जिसने जांच के बाद बरामद किए मांस को गोवंश का करार दिया, जिसको जमीन में दबवा दिया गया। एसआई कपिलदेव की तहरीर पर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।