महिला चिकित्सक को ठगा
मोरना (मुजफ्फरनगर)। शादी के नाम पर ठगी करने वाले महिला गिरोह की सदस्या ने महिला चिकित्सक के भाई से शादी का ढोंग कर नशीला पदार्थ पिलाकर नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर फरार हो गई। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
भोपा क्षेत्र के गांव मोरना स्थित जानसठ मार्ग पर क्लीनिक चलाने वाली महिला चिकित्सक ने बताया कि एक पखवाड़े पूर्व उसके क्लीनिक पर एक महिला आई, जिसने अपना परिचय उसकी बिरादरी का बताते हुए खुद को बिजनौर निवासी बताया। बातों ही बातों में महिला ने अपनी बेटी के अविवाहित होने की बात बताते हुए रिश्ते के लिए लड़के की तलाश करना बताया। चिकित्सक ने महिला से कहा कि उसके पास उसका भाई रहता है, जिसकी अभी तक शादी नहीं हुई है। उसे अपने भाई की शादी करनी है और वह रिश्ते की तलाश है। बातों के जरिये अनजान से दूर की रिश्तेदार बन गई। महिला ने अपनी बेटी का रिश्ता जोड़ने की बात चिकित्सक के भाई से की। शादी के लिए खरीदारी करने के लिए साठ हजार रुपये की रकम मांगी। महिला चिकित्सक ने उस अनजान महिला पर पूरा यकीन करते हुए उसे साठ हजार रुपयेे देकर भाई के साथ एक सप्ताह पूर्व शादी हो गई थी। एक सप्ताह बीतने तक दुल्हन सही प्रकार से रह रही थी कि शनिवार की शाम समधन बनी महिला अपनी बेटी से मिलने का बहाना बनाकर आई। इसी दौरान दोनों ने योजना बनाकर कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ पिलाकर दिया और पूरे परिवार के बेहोश हो जाने पर रात में दोनों ने घर में लूटपाट करते हुए घर में रखे 1800 रुपये, दो मोबाइल सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गई। रविवार की सुबह होश आने पर पूरे परिवार ने खुद को ठगा पाया, तो हैरान रह गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मोरना पुलिस चौकी प्रभारी लेखराज सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।