फल विक्रेता से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी
खतौली। बदमाशों ने फल विक्रेता से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। बदमाशों ने रंगदारी की चिट्ठी लिखकर फल विक्रेता के घर में डाली। चिट्ठी में रुपये नहीं देने पर चारों भाइयों की हत्या करने की धमकी भी लिखी है। धमकी भरी चिट्ठी मिलने से फल विक्रेता व उसका पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित ने सीओ से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी जुनेद पुत्र इरफान फल विक्रेता है। फिलहाल जुनेद व उसके परिवार का काम ठीक चल रहा है। इन्होंने अपना नया मकान भी बनाया है, जिसमें काफी रुपया खर्च किया है। शुक्रवार की रात में बदमाशों ने जुनेद के मकान में दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए चिट्ठी लिखकर डाल दी। शनिवार की सुबह परिजनों का मकान के दरवाजे पर चिट्ठी पड़ी मिली। जुनेद ने उस चिट्ठी को मोहल्ले के लोगों से पढ़वाई। चिट्ठी में दस लाख रुपये की रंगदारी देने की बात लिखी थी। रुपये नहीं देने पर चारों भाइयों की हत्या करने की धमकी दी गई है। पीड़ित जुनेद नगर के कुछ लोगों को साथ लेकर थाने में पहुंचा। जुनेद ने रंगदारी की चिट्ठी सीओ आशीष प्रताप सिंह को दिखाई। सीओ ने पुलिस को जांच पड़ताल करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।