मोरना। उधार के पैसे मांगने पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल को जानसठ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
ककरौली क्षेत्र के गांव कटिया निवासी नीरज कुमार ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार रात उसका भाई विकल घर से बाहर खड़ा हुआ था। तभी ताऊ का बेटा सुंदर उधर से गुजरा। सुंदर पर तीन हजार रुपये उधार हैं। विकल ने सुंदर से उधार के तीन हजार रुपये वापस करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विकल द्वारा विरोध करने पर सुंदर ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी सुंदर मौके से भाग गया। परिजनों ने डायल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जानसठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया, जहां से घायल विकल को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी जितेंद्र अंबावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।