प्रधानाचार्य से सात लाख रुपये हड़पे
मुजफ्फरनगर। गांव दीदाहेड़ी के प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाचार्य के बेटे की विकास भवन में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बदमाश ने सात लाख की रकम हड़प ली। एक साल बाद भी नौकरी न लगने पर जब रुपयों का तकादा किया गया तो आरोपी ने हत्या की धमकी दे डाली। पीड़ित प्रधानाचार्य ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मपुरी निवासी प्रदीप शर्मा गांव दीदाहेड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत हैं। प्रदीप शर्मा ने कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गांव बहेड़ी निवासी सुखपाल पुत्र रामपाल से उनकी पुरानी जान-पहचान थी, जिसने प्रधानाचार्य को उनके बेटे अनुराग शर्मा की विकास भवन में क्लर्क पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। सुखपाल की बातों में आकर प्रधानाचार्य ने उसे अप्रैल-18 से मई-18 के बीच कई बार में सात लाख रुपये की रकम दे दी। इसके बाद से आरोपी लगातार नौकरी लगवाने के नाम पर टालता आ रहा था। एक साल बीतने पर भी जब बेटे की नौकरी नहीं लगी तो प्रधानाचार्य ने सुखपाल से अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि रुपयों का तकादा करने पर आरोपी ने प्रधानाचार्य को जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित का कहना है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस या अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिस पर उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।