पुरकाजी। उत्तम शुगर मिल खाईखेड़ी का तौल लिपिक लाखों रुपयों की फर्जी गन्ने की पर्चियां बनाकर फरार हो गया। मामले में मिल प्रशासन आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। वहीं, इसी तरह के ओर भी घोटाले होने की बात सामने आ रही है, जिसकी मिल प्रबंधन द्वारा गुपचुप तरीके से जांच की जा रही है।
खाईखेड़ी की उत्तम शुगर मिल में तैनात उत्तराखंड निवासी एक तौल क्लर्क ने बड़ा फर्जीवाड़ा करते हुए किसानों को करीब पांच लाख रुपये की गन्ने की फर्जी पर्चियां बनाकर वितरित कर दी। किसी तरह घोटाले की जानकारी मिल मालिक को लग गई, जिन्होंने मिल प्रबंधन से इसकी पूरी जानकारी तलब कर ली, जिससे हड़कंप मच गया। वहीं, मामले का खुलासा होने की भनक लगने पर आरोपी तौल लिपिक भी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मिल प्रशासन द्वारा आरोपी तौल लिपिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। वहीं, सूत्रों के अनुसार मिल में कई अन्य कर्मचारियों द्वारा भी इसी तर्ज पर करीब 20 लाख रुपये का घोटाला किए जाने की भी बात सामने आ रही है, जिससे मिल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। मिल प्रबंधन द्वारा इस मामले की भी गुपचुप तरीके से जांच कराई जा रही है।