पुलिस पर हमला कर आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास
भोपा। डायल-100 पुलिस पर हमला कर मारपीट और हंगामा के मामले में हिरासत में लिए गए दो लोगों को पुलिस से छुड़ाने का प्रयास किया गया। पुलिस के साथ मारपीट की गई और गाड़ी में तोड़फोड़ भी हुई। बाद में थाने पर भी जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने ग्रामीणों को लाठी फटकार कर खदेड़ा।
थाना क्षेत्र के गांव तिस्सा में मंगलवार को सरकारी सस्ते गल्ले का राशन का सहकारी संघ समिति पर वितरण किया जा रहा था। बताया जाता है कि गांव निवासी इरशाद ने एक युवक पर राशन कम तौलने का आरोप लगाया। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी तथा गालीगलौज के बाद मारपीट हो गई। इरशाद ने मामले की सूचना डायल-100 पुलिस को दी। पीआरवी 2231 के दरोगा सुभाष शर्मा, श्यामू यादव, अमीर आलम व चालक अरविंद मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों में मामला बढ़ता देख इरशाद व मुन्ना को गाड़ी में बैठा लिया। जैसे ही डायल-100 पुलिस दोनों को लेकर गांव से बाहर ईंट भट्ठे के करीब पहुंची, तभी आधा दर्जन लोगों ने पुलिस की गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रोक लिया। उन्होंने गाड़ी पर धावा बोल दिया तथा लाठी-डंडों से प्रहार कर गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। बताया जाता है कि पुलिस के साथ धक्कामुक्की के साथ ही मारपीट भी की गई। इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक को दी। इसके बाद भी हंगामा जारी रहा तो पुलिस कई अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर थाने ले आई। इसके विरोध में ग्रामीण थाने पर भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को लाठी फटकार दौड़ा लिया। उधर देर रात तक दोनों पक्षों के लोग थाने पर जमा थे। थाना प्रभारी निरीक्षक एमएस गिल का कहना है कि कुछ लोगों ने पकड़े गए आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया था। पुलिस से मारपीट होने की बात गलत है। उधर, एसपी देहात आलोक शर्मा का कहना है कि पुलिस के साथ मारपीट की घटना हुई है तो मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रंजिश के चलते की मारपीट
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव अथाई निवासी महिला सुहागवती ने बताया कि उसके दो बेटे सेना में हैं। गांव में वह और उसका पति रविंद्र रहते हैं। महिला का आरोप है कि पड़ोस के ही कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हैं। एक सप्ताह पूर्व उसका पति खेतों पर काम करने गया था। आरोप है कि वापस लौटते समय आधा दर्जन लोगों ने उन्हें अपने घर के सामने रोक लिया और गालीगलौज की। पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके घर में घुसकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। मंगलवार को महिला ने थाने पहुंचकर पुलिस से आरोपियों के विरुद्घ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
युवती के खाते से 13 हजार उड़ाए
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर माजरा निवासी महिला तारावती ने थाने पर शिकायत करते हुए बताया कि उसकी बेटी का भोपा स्थित बैंक शाखा में खाता हैं। सोमवार को उसकी बेटी के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उसका एटीएम कार्ड बदल गया है, वह अपना पिन कोड नोट करा दे। बेटी ने अपने खाते से संबंधित सभी जानकारी उसे दी तो कुछ ही समय के बाद उसके खाते से 13 हजार रुपये निकल गए। महिला ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।