लापता वृद्ध का शव खेत में मिला
जानसठ। गांव सलारपुर से पिछले एक माह से लापता वृद्ध का शव पानीपत-खटीमा राजमार्ग के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला। वृद्ध का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा गया।
गांव सलारपुर निवासी 70 वर्षीय जयपाल पुत्र तिलकू मनोरोगी था। वह पिछले एक माह से घर से अचानक गायब हो गया था। मृतक के भाई दिनेश ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। बुधवार को पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर रजबहे के पास किसान विनोद के गन्ने के खेत में जयपाल का शव पड़ा मिला। शव को जंगली जानवरों ने नोच रखा था। शव की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन मृतक के कपड़ों से परिजनों ने शव की पहचान की है। परिजनों ने बिना कोई कानूनी कार्रवाई किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।