नशीला पदार्थ पिलाकर किया हमला
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी जावेद उर्फ अल्लू ने तहरीर देकर बताया कि मोहल्ले के ही शाहबाज उर्फ आटा व आबाद ने उसे किसी काम के बहाने से अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां उन्होंने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर धोखे से उसे पिला दिया। इसके बाद नशे में होने पर आरोपियों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और धमकी देते हुए फरार हो गए। शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने घायल को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी बबीता पत्नी परमेश ने तहरीर देकर बताया कि उसका पति 18 जुलाई की रात शिवचौक पर खड़ा था। आरोप है कि पीछे से आए एक ई-रिक्शा चालक ने परमेश को पहले पीछे से टक्कर मार दी और इसके बाद नीचे गिरने पर उन्हें कुचलकर फरार हो गया। ई-रिक्शा से कुचले जाने पर परमेश के पैरों की हड्डियां टूट गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।