जमीन विवाद में मौसा और भांजे का चालान
जानसठ। मौसा और भांजे में पांच बीघा जमीन को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों को शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया है। गांव तिसंग निवासी राजेंद्र पुत्र गोपीचंद ने दो वर्ष पूर्व अपनी पांच बीघा कृषि भूमि का बैनामा मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी अपने मौसा राजकुमार पुत्र हरिया को किया था। दोनों में मौखिक रूप से चार साल बाद ब्याज सहित पैसा देकर बैनामा वापस लेना तय हुआ था। जमीन पर राजेंद्र ही खेती कर रहा था। राजकुमार दो दिन पूर्व गांव में आया और राजेंद्र से बैनामे के समय दिया गया पैसा वापस करने को कहा। राजेंद्र ने पैसा तो वापसी करने के लिए तैयार हो गया, लेकिन उसका ब्याज देने से मुकर गया। ब्याज नहीं देने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। राजकुमार ने जमीन को खाली करने को कहा, लेकिन राजेंद्र ने जमीन खाली करने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में गालीगलौज प्रारंभ हो गई। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने गांव में बैठक करके विवाद को निपटाने का प्रयास किया। दोनों पक्षों के बीच में विवाद का निस्तारण नहीं हो सका। पुलिस दोनों पक्षों का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया।
दो पक्षों में मारपीट
रतनपुरी। गांव घनश्यामपुरा में उधार के रुपये मांगने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में एक ग्रामीण घायल हो गया। गांव निवासी पप्पू पुत्र मोहन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव में दर्जी महक सिंह पुत्र मलखान सिंह ने उससे तीन वर्ष पूर्व तीन हजार रुपये उधार लिए थे। कई बार मांगने पर भी उसने रुपये नहीं लौटाए। बृहस्पतिवार को जब उसने महक सिंह से अपने रुपये मांगे, तो उसने रुपये देने से स्पष्ट मना कर दिया। पप्पू अपने रुपये के बदले महक सिंह की सिलाई मशीन ले जाने लगा, जिसको लेकर दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में पप्पू घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पप्पू को उपचार हेतु अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।