जेई समेत तीन कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मीरापुर।
दंपति ने विद्युत निगम के जेई तथा तीन कर्मचारियों के विरुद्ध महिला से मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, आरोपी जेई ने भी महिला के पति समेत तीन लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि मोहल्ला पड़ाव चौक निवासी रविंद्र पुत्र भंवर सिंह व उसकी पत्नी की शिकायत पर दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार 10 अप्रैल को करीब ढाई बजे रविंद्र की पत्नी अपने घर में स्नान कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान विद्युत निगम के जेई विनीत कुमार सैनी अपने साथी लाइनमैन वसी हैदर, पंकज व राहुल को लेकर उसके घर में घुस गए। महिला का आरोप है कि कहासुनी के दौरान जेई ने पेट पर लात मार दी, जिससे उसको तीन माह का गर्भपात हो गया। महिला ने जिला चिकित्सालय में अपना मेडिकल परीक्षण कराया तथा चारों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि वह घटना के बाद जेई व अन्य आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने आती रही, लेकिन पुलिस ने उसकी मदद नहीं की। उधर, जेई विनीत कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 10 अप्रैल को बिजली चोरी की शिकायत पर वे लाइनमैन पंकज आदि के साथ रविंद्र के घर गया था। बिजली चोरी पकड़ने के बाद लाइनमैन ने आरोपी का केबिल काटना शुरू किया, तो रविंद्र व उसका भाई सोनू पुत्र भंवर सिंह, सहेंद्रपाल पुत्र भूंडिया व कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली। जेई ने महिला के कथित आरोप को बेबुनियाद बताया। पुलिस ने जेई की तहरीर पर तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दोनों मामलों की जांच प्रारंभ कर दी है।