प्राचीन भुमिया मंदिर में चोरी
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मीरापुर-रामराज मार्ग स्थित प्राचीन भुमिया मंदिर में चोरों ने हजारों की नगदी और जरूरी सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर भक्त थाने पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया।
कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक के सामने पुराना भुमिया मंदिर है। इस मंदिर का एक मुख्य गेट हाईवे की ओर तथा पीछे वाला गेट पुरानी सब्जी मंडी की ओर खुलता है। मंदिर के महंत योगी श्यामनाथ प्रतिदिन की तरह रात्रि में दोनों गेट बंद कर अपने कमरे में सो गए थे। रात्रि करीब दो बजे कुछ बदमाश पुरानी सब्जी मंडी की ओर से मंदिर परिसर में घुसे और महंत के कमरे के दरवाजे की बाहर से कुंडी बंद कर अन्य कमरों में रखे सामान को खंगाला और महंत का तमाम जरूरी सामान चोरी कर ले गए। प्रात: होने पर महंत ने शोर मचाकर किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो चोरी की जानकारी मिली। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही काफी लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने एक आरोपी याकूब, निवासी मौहल्ला नवाब पट्टी को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया गैस सिलेंडर, महंत का पीतल का कमंडल, बर्तन, पाइप, सेटअप बॉक्स, दरी, कंबल, चादर, मशीन और गल्ले से निकाली गई नोटों की गड्डी आदि सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने महंत की ओर से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया।
हाईवे पर ट्रक में आग लगाई
मीरापुर। मीरापुर-रामराज रोड पर टूटी पुलिया से रजवाहे की ओर जा रहे रास्ते पर शरारती तत्वों ने एक ट्रक में आग लगा दी। आग की सूचना मिलने पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक जल चुका था।
रविवार शाम टूटी पुलिया से रजवाहे के किनारे से बिजनौर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोगों ने एक ट्रक लाकर खड़ा किया और उसमें आग लगा दी। धू-धूकर जल रहे ट्रक को देख कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां बुलाईं ओर ट्रक में लगी आग बुझाई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग लगे ट्रक में ड्राइवर केबिन, टायर और ट्रक के अंदर पड़ा सामान जलकर राख हो गया। अनुमान है कि बदमाशों ने ट्रक चोरी कर घटना को अंजाम दिया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
संदिग्ध हालात में छात्र की मौत
मीरापुर। गांव भुम्मा में एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। छात्र की मौत पर कॉलेज में शोकसभा के बाद शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया गया।
भुम्मा निवासी मनोज त्यागी का पुत्र निखिल सनातन धर्म इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र था। रविवार रात निखिल खाना आदि खाकर प्रतिदिन की भांति सो गया। प्रात: उठा तो उसकी तबीयत खराब थी। परिजनों ने तुरंत उपचार दिलाया। उपचार के दौरान छात्र निखिल की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर सोमवार को कॉलेज में शोकसभा के बाद शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया गया।
कार सवारों ने लिफ्ट देकर युवक को लूटा
मीरापुर। बहसूमा के गांव मोड़ खुर्द निवासी असगर पुत्र मंगत खां को एक कार में लिफ्ट लेना महंगा पड़ गया। पीड़ित असगर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह मुजफ्फरनगर जाने के लिए मीरापुर बाईपास के मोंटी तिराहे पर खड़ा था। उसके पास दो लड़के भी खड़े थे। इसी दौरान बिजनौर की ओर से एक कार आई। इस कार में दो युवक पहले से ही सवार थे। असगर ने मुजफ्फरनगर जाने के लिए कार को इशारा किया, तो कार चालक ने कार रोक ली और असगर के साथ दोनों युवकों को भी कार में बैठा लिया। थोड़ी दूर जाने पर ही कार में सवार चारों युवकों ने असगर से मारपीट कर उससे 12,500 रुपये और मोबाइल आदि लूट कर मुझेडा के आगे कार से धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अवैध असलहा के साथ दो बंदी
मीरापुर। पुलिस ने ककरौली के गांव खुजेड़ा निवासी गुलजार पुत्र शमीम और जानसठ थाने के गांव गढ़ी निवासी मिंटू पुत्र अतर सिंह को अवैध शस्त्र रखने के आरोप में गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
गड्ढे में हाईवे, लोग परेशान
मीरापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में गड्ढामुक्त सड़कें देने का वादा खोखला साबित हो चुका है। मीरापुर के मोंटी तिराहे पर दो मुख्य राजमार्ग मिलते हैं। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग और पानीपत खटीमा राजमार्ग पर दिन रात यातायात का आवागमन रहता है। मोंटी तिराहे पर डिवाइडर के दोनों ओर गहरे गड्ढे बन चुके हैं। इन गड्ढों से निकलने वाले भारी वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। यही हालत दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर मीरापुर में जाटान पुलिया के पास, बिजनौर रोड और गांव कैथोड़ा के निकट भी बनी हुई है। इन गड्ढ़ों से यात्रियों का निकलना मजबूरी है। गड्ढों में भरे पानी से दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है। यातायात के साथ क्षेत्र में बीमारी भी फैलने की आशंका है। क्षेत्रवासियों ने अनेक बार इस संबंध में डीएम को अवगत कराया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण सड़कों की हालत बद से बदतर होती जा रही है।