कचहरी परिसर में होमगार्ड पर हमला, वर्दी फाड़ी
मुजफ्फरनगर। कचहरी परिसर में बुधवार शाम ड्यूटी कर रहे होमगार्ड से नशे में धुत तीन युवकों ने बदसलूकी करते हुए मारपीट कर दी। विरोध करने पर होमगार्ड की वर्दी भी फाड़ डाली। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
शाहपुर क्षेत्र के गांव गोयला निवासी सहंसरपाल होमगार्ड में है, जिसकी ड्यूटी फिलहाल कचहरी परिसर में लगी हुई है। होमगार्ड ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर बताया कि बुधवार शाम के समय वह ड्यूटी पर था। इसी दौरान नशे में धुत तीन युवक वहां पहुंचे और उसके साथ बदसलूकी व गालीगलौज करने लगे। होमगार्ड ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। होमगार्ड के साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी भी फाड़ डाली। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग व अधिवक्तागण मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी हमलावरों की तलाश की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। इसके बाद घायल को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अशरफ त्यागी व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।