खालापार में युवक को गोली मारी
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला खालापार में शनिवार देर रात बाइक सवार कुछ युवकों ने सुजड़ूू के युवक को गोली मार दी। हाथ में गोली लगने से युवक लहूलुहान हो गया। पुलिस फायरिंग की घटना को संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजडू निवासी अज्जू शनिवार देर रात किसी काम से मोहल्ला खालापार में आया था। युवक के अनुसार यहां वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बाइकों पर आए तीन-चार युवकों ने उस पर गोली चला दी, जो उसके हाथ में लगी। गोली लगने से युवक लहूलुहान हो गया, जिसके बाद शोर मचाने पर हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि घटना पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रही है। जिस स्थान पर गोली लगने की युवक ने जानकारी दी है, वहां जांच करने पर किसी भी व्यक्ति ने गोली चलने या फायरिंग की आवाज सुनने से अनभिज्ञता जताई है। यही नहीं, घायल युवक भी पूछताछ में बार-बार बयान बदल रहा है, जिससे घटना को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।