मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना। बुढ़ाना पुलिस ने कांधला रोड पर कुरालसी मोड़ के पास मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि तीन फरार हो गए। पकड़ा गया बदमाश बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के कस्बा टीकरी का इमरान पुत्र इस्लामुदीन है। मुठभेड़ में जीत सिंह नामक सिपाही भी घायल हुआ। पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया बदमाश अपने साथियों के साथ जोगियाखेड़ा के कारोबारी अजहर की हत्या करने आए थे। इसके लिए उन्होंने दो लाख की सुपारी ली है।
बुढ़ाना पुलिस को शनिवार रात कांधला रोड पर जौला गांव से पहले कुरालसी मोड़ के पास बदमाशों द्वारा कार चालक जोगियाखेड़ा के अजहर पर फायरिंग करने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर घेराबंदी की। मुठभेड़ में एक बदमाश इमरान घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। जिसकी तलाश की जा रही है। मुठभेड़ में जीत सिंह कांस्टेबल भी घायल हो गया। बुढ़ाना इंस्पेक्टर प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि फरार बदमाश गुलजार, कल्लू आदि बताए गए हैं। गुलजार और अजहर साझे में कारोबार करते हैं। गुलजार पकडे़ गए बदमाश इमरान के मामा का लड़का है। गुलजार ने भी अजहर की हत्या के लिए दो लाख की सुपारी दी थी। पकड़े गए बदमाश से अवैध असलाह भी मिला है।