ट्रक चालक से मारपीट पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। कच्ची सड़क पर रोड़ी उतारने आए ट्रक चालक के साथ डायल-100 के पुलिसकर्मियों द्वारा अकारण मारपीट किए जाने को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने पीआरवी-2203 के पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसपी ट्रैफिक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कच्ची सड़क निवासी हरेंद्र रोड़ी, सीमेंट का काम करता है। सोमवार सुबह एक ट्रक रोड़ी लेकर आया था, जिसे हरेंद्र द्वारा गली में उतरवाया जा रहा था। रोड़ी उतारकर जैसे ही चालक ट्रक लेकर चला, अचानक उसका डीजल खत्म हो गया। इस पर चालक डीजल लेने चला गया। उधर, गली में रहने वाले कुछ लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को ट्रक खड़ा होने की जानकारी दी, जिस पर डायल-100 की पीआरवी-2203 वहां पहुंच गई। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अकारण ट्रक चालक से मारपीट करने के साथ ही उसे बचाने पहुंचने वाले लोगों के खिलाफ भी बदसलूकी की। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बाद में ट्रक चालक को समझाबुझाकर उससे ट्रक में डीजल डलवाया गया, जिसके बाद वह तो ट्रक लेकर चला गया, लेकिन क्षेत्रीय लोग पीआरवी-2203 के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया के पास जा पहुंचे। मामले में एसपी ट्रैफिक से आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।