चोरी की गाड़ी काटने की सूचना पर दौड़ी पुलिस
छपार। हाईवे स्थित एक मकान को करीब एक माह पूर्व मुजफ्फरनगर के एक कबाड़ी किराए पर लेकर कबाड़ का काम शुरू किया था। ग्रामीणों के अनुसार अधिकांश समय कबाड़ी मकान के गेट बंद कर अंदर काम करता था, जिससे उन्हें कबाड़ी पर चोरी की गाड़ियां काटने का शक हो गया। सोमवार को ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिस पर छपार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कबाड़ी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
दरोगा बने प्रधान लिपिक गंगाराम
मीरापुर। थाने में तैनात प्रधान लिपिक गंगाराम को शासन ने उपनिरीक्षक के पद पर प्रोन्नत किया है। थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने गंगाराम की वर्दी पर स्टार लगाए। 38 साल की सेवा के बाद सिपाही से दरोगा बने गंगाराम को एसओ मनोज चौधरी ने दो स्टार लगाए।
एसपी देहात ने किया निरीक्षण
मीरापुर। जनपद के एसपी देहात आलोक शर्मा ने सोमवार को थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अभिलेखों की जांच करते हुए थानाध्यक्ष मनोज चौधरी को अपराध नियंत्रण संबंधी निर्देश दिए। इसके बाद सभी दरोगाओं से परिचय लेते हुए एसपी देहात ने उन्हें लंबित मुकदमों की जांच जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज
मीरापुर। कस्बे के मोहल्ला मोरी निवासी सुरेशचंद के पुत्र संजय ने विगत सात मई को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पीड़ित पिता ने मामले में संजय की पत्नी पूनम, ससुर शेर सिंह, साले संजीव व रिश्तेदार महेश पर उसे आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।