पानी के लिए गोलियां चलीं
खतौली (मुजफ्फरनगर)।
खेत में पानी चलाने को लेकर दो भाइयों के बीच कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच धारदार हथियार चले। एक पक्ष ने गोलियां चला दी। गोली के छर्रे लगने से एक युवक घायल हो गया। गोलियां चलने से गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर बमुश्किल मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
गांव बुआड़ा कलां निवासी दो सगे भाइयों पद्म सिंह व अमरपाल पुत्रगण अतरसिंह के बीच खेतों में रजवाहे का पानी चलाने को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे खेत में पानी चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों परिवारों के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों परिवारों के लोगों के बीच धारदार हथियार चल गए। पद्म सिंह का आरोप है कि अमर सिंह ने अपने बेटों के साथ मिलकर उनके मकान पर बलकटी व तबल से हमला करते हुए गोलियां चला दी। गोली के छर्रे लगने से पद्म सिंह का बेटा नेत्रपाल घायल हो गए। गोलियां चलने से गांव में अफरातफरी मची। हमले में दोनों पक्षों से पद्म सिंह उसका बेटा नेत्रपाल व अमरपाल समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर गांव में पुलिस पहुंची। पुलिस ने बामुश्किल दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को दोनों पक्षों ने तहरीर दे दी है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है।