मुजफ्फरनगर। परिचालक डिपो पर बिना सूचना दिए बस छोड़कर गायब हो गया। इससे डिपो में अफरातफरी मच गई। इसके अलावा पांच परिचालक भी बिना बताए कई रोज से गैर हाजिर चल रहे हैं। इन सभी के खिलाफ वीआई ने एआरएम को रिपोर्ट सौंपी है। जिन पर जल्द कार्रवाई होगी।
परिवहन निगम ने होली पर्व को लेकर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। जिसके चलते डिपो में चालक-परिचालकों की कुंडली खंगाली जा रही है। अनुपस्थित रहने वालों को नोटिस भेजकर आगाह किया जा रहा है। ताकि वह समय पर ड्यूट पर लौट आए। वहीं, डिपो में इश्तखार अली परिचालक बिना बताए बस को छोड़कर चला गया। इससे डिपो में अफरातफरी मच गई। डिपो के वीआई और संचालन प्रभारी राजकुमार तोमर को इस बाबत शिकायत दी गई। जांच की गई तो स्थायी परिचालक सागर, निखिल, ब्रजपाल और संविदा के परिचालक कमल, मोहम्मद वकील भी बिना सूचना दिए गैरहाजिर चल रहे हैं। इनकी भी रिपोर्ट बनाकर एआरएम को दी गई है। संचालन प्रभारी राजकुमार तोमर ने बताया कि अनुपस्थित रहने वाले चालक-परिचालकों की सूची बनाई जा रही है। पहले इन्हें नोटिस भेेजकर जवाब मांगा जाएगा, उसके बाद कार्रवाई होगी।