रहकड़ा के जंगल में दूधिया से लूटपाट
भोपा (मुजफ्फरनगर)। रहकड़ा के जंगल में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार दूधिया से मारपीट कर 60 हजार की नगदी, मोबाइल और सोने की अंगूठी लूट ली है। तमंचे की बट लगने से दूधिया लहूलुहान हो गया। घायल को भोपा सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
घटना देर रात भोपा थाना क्षेत्र के रहकड़ा गांव की है। हथियारबंद बदमाशों ने दूधिया से लूटपाट की है। मुजफ्फरनगर थाना मंडी क्षेत्र के गांव मखियाली निवासी मोमीन ने भोपा थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहकड़ा में अपने बेटे आस मौहम्मद के साथ मिलकर वह दूध खरीदने का काम करता है। मंगलवार रात उसका बेटा आस मौहम्मद देर शाम गांव रहकड़ा से दूध खरीदकर अपनी बाइक से अपने गांव मखियाली के लिए चला था। जैसे ही वह कासमपुरा मार्ग पर पहुंचा तो आधा दर्जन बदमाशों ने उसे हथियारों के बल पर रोक लिया। मारपीट करते हुए उसकी जेब से 60 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चेन और मोबाइल लूट लिया। बदमाश जाते हुए धमकी दे गए कि अगर कानूनी कार्रवाई की तो जान से मार देंगे। बदमाशों के चले जाने के बाद घायल दूधिया ने वापस गांव रहकड़ा पहुंचकर अपने परिचितों को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल दूधिया को भोपा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घायल ने पुलिस को बताया कि आधा दर्जन बदमाश थे, जिनकी पहचान कर ली गई है, लुटेरे रहकड़ा के ही रहने वाले हैं। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर लेकर घायल को उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया
भोपा (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने दो को जुआ खेलते तो एक को शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहकड़ा निवासी सुभाष को एसआई वीरसिंह ने शराब के 50 पव्वों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रताल में गांव बिहारगढ़ से पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में गांव के रहने वाले रेशपाल और धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है। चौकी प्रभारी बालेंद्र ने बताया कि उनके साथी पुलिस को देखकर भाग गए हैं।