धोखाधड़ी के आरोपी को उठा ले गई टिहरी पुलिस
मुजफ्फरनगर। धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में वांछित आरोपी की तलाश में उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के थाना लूंबवाला थाना पुलिस ने शहर कोतवाली क्षेत्र के अंबा विहार में दबिश दी। उत्तराखंड पुलिस आरोपी को अपने साथ उठाकर ले गई है। एसआई अतर सिंह ने बताया कि आरोपी संजीव कुमार के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
छेड़छाड़ करते युवक की धुनाई
मुजफ्फरनगर। मालवीय चौक पर छेड़छाड़ कर रहे युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मालवीय चौक पर एक युवती पर अश्लील फब्तियां कस रहे युवक का युवती ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। जिस पर लोगों ने उसे दबोच कर उसकी धुनाई शुरू कर दी। घटना को लेकर वहां हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। जिससे पूछताछ की जा रही है।
लेनदेन को लेकर मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी शहजाद ने अपने पड़ोसी शाहिद को उधार पैसे दिए थे। आरोप है कि शहजाद ने जब शाहिद से अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उससे मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर आरोपी शाहिद को पकड़कर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।
किशोरी पर किया हमला
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर के ग्राम अजमतगढ़ निवासी जूली पुत्री सतपाल को मामूली कहासुनी होने पर मोहल्ले के ही लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।