सुशील मूंछ का बेटा जेल भेजा
मुजफ्फरनगर। अदालत ने सुशील मूंछ के बेटी मंजीत उर्फ टोनी को 10 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उसे कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया। सोमवार को सुशील मूंछ के बेटे टोनी को पुलिस ने सीओ दफ्तर के सामने नदीम नामक युवक पर माउजर तानते हुए पकड़ा था। उसके पास से विदेशी माउजर मिला था। नदीम की ओर से हत्या के प्रयास और पुलिस की ओर से आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया गया। मंगलवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 10 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
तस्लीम हत्याकांड में गवाह के बयान हुए
मुजफ्फरनगर। सीकरी के तस्लीम हत्याकांड में मंगलवार को गवाह कलीम के बयान हुए। उसके संगीनों के साए में कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान काफी गहमागहमी रही। सीकरी के काफी लोग मौजूद रहे। तस्लीम की वर्ष 2015 में हत्या कर दी गई थी। हाल में ही खूनी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार और सीकरी के लुत्फुर्रहमान की भी हत्या कर दी गई है। इसी के मद्देनजर तस्लीम हत्याकांड के गवाह को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई को 13 अक्तूबर तक स्थगित कर दी।
पूर्व सभासद की चेन
और मोबाइल छीना
चरथावल। सांझ ढलते ही कस्बे के सराफा बाजार में पूर्व सभासद से युवक मोबाइल फोन और गले की चेन छीनकर फरार हो गया। पीड़ित ने व्यापारियों के साथ आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। उसके कब्जे से मोबाइल बरामद हो गया।
मंगलवार रात करीब आठ बजे क़स्बा निवासी पूर्व सभासद एवं व्यापारी मनोज कंसल मैन बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सराफा बाजार में एक युवक ने उनके हाथ से मोबाइल और गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी सामान छीनकर मौक़े से फरार हो गया। पीड़ित के शोर मचाने पर भाजपा नेता अजय वर्मा व्यापारियों को लेकर बाइक से आरोपी के पीछे दौड़ पड़े। कस्बे में ढोलूखाल मोहल्ले से आरोपी को दबोच लिया। उसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा मोबाइल फोन बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी सोने की चेन छीनने से इंकार करता रहा। घटना की भनक लगते ही थाने में दर्जनों व्यापारी पहुंच गए। आरोप है कि बाजार से कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो चुके है। पुलिस पूछताछ में जुटी है। पकड़ा गया आरोपी अपने गांव का नाम बार बार बदल रहा था।
राशन कार्डों का सत्यापन शुरू
24 अक्तूबर तक चलेगा अभियान
मुजफ्फरनगर। डीएसओ ध्रुबराज यादव ने बताया कि नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में राशन कार्ड के सत्यापन का अभियान शुरु किया गया है, जो 24 अक्तूबर तक चलेगा। सत्यापन के लिए उचित दर विक्रेतावार टीमें गठित की गई हैं। संबंधित टीम सभी मोहल्लो के सार्वजनिक स्थान पर उपस्थित रहकर कार्डधारको से ऑनलाईन आवेदन पत्र प्राप्त कर सत्यापन करेंगी। उन्होंने बताया कि जिन पात्र गृहस्थियों के राशन कार्ड बनने से छूट गए हैं, वह अपना ऑनलाईन आवेदन पत्र संबंधित टीमों को परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्डो की छायाप्रति, बैंक की पास बुक की छायाप्रति एवं मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध करा दें, ताकि गठित टीम उनका डोर-टू-डोर सत्यापन कर सकें।सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड जारी किया जाएगा।
भरत मिलाप का मार्मिक मंचन
शाहपुर। कस्बे सहित ग्राम काकड़ा में भव्य श्रीराम लीला में कलाकरों ने मंच पर श्रीराम भरत मिलाप का मार्मिक मंचन कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।इस दौरान पंकज शर्मा, देवराज, पीयूष, अशोक शर्मा, जलसिंह सैनी, नवीन आर्य, रामनिवास, संजय गोस्वामी, धोमसिंह आर्य, रामजित आदि मौजूद रहे।