बाइक चोरी के आरोपी को ग्रामीणों ने धुना
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में बाइक चोरी करने के आरोपी की धुनाई कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने आरोपी युवक से पूछताछ की तो उसने गांव के एक अन्य युवक की बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने एक अन्य बाइक कर उसके साथियों की धरपकड़ को दबिश भी दी।
रविवार को थाना क्षेत्र के गांव मेघा में उत्तराखंड के गांव मुंडलाना से बरात आई थी। बरात में आए मुंडलाना निवासी एक युवक ने गांव के एक व्यक्ति की बाइक चोरी कर ली, जिसके ड्रोन कैमरे में कैद हो जाने पर लड़की पक्ष के लोगों ने घटना की जानकारी दूल्हे पक्ष के लोगों को दी। उन्होंने चोर को पहचान लिया तथा उस पर दबाव बनाकर बाइक लौटा दी। आरोपी के सोमवार को गांव मेघा में फिर दिखाई देने पर गांव के कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और गांव से चोरी हुई अंकुर की बाइक के बारे में जानकारी की। उसके इंकार करने पर युवकों ने उसकी धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। जहां पर पुलिस ने उससे पूछताछ की । पुलिस के अनुसार युवक ने बाईक चोरी करने की बात कबूल कर पुलिस को अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड के गांव टिकौला में दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा युवक फरार हो गया। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। उधर पीड़ित बाइक स्वामी अंकुर का आरोप है कि बाइक चोरी हुए सात माह बीत चुके हैं, लेकिन थाने के कई चक्कर काटने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। आरोप है कि पुलिस पीड़ित लोगों की मदद न कर चोरों का सहयोग कर रही है।