मीरापुर। कुतुबपुर झाल में एक शव सड़ी गली अवस्था में मिला। मीरापुर क्षेत्र में कुतुबपुर झाल पर तैनात सिंचाई विभाग के कर्मचारी सुनील कुमार ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि कुतुबपुर झाल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंसा पड़ा है। शव करीब दस दिन पुराना प्रतीत होता है। शव के शरीर पर कोई चोट आदि के निशान भी नहीं हैं। बेलदार सुनील की सूचना पर पुलिस ने शव को नहर से निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की आयु करीब 30 वर्ष बताई गई है। अनुमान है कि शव पीछे से बहकर आया है।
मोनू हत्याकांड की गुत्थी अभी नहीं सुलझी
मीरापुर। रामराज थाना क्षेत्र में देवल गांव के पास नहर की पटरी पर एक कार में मिले युवक मोनू उर्फ राधेश्याम निवासी मोहल्ला पट्टी थाना परतापुर के शव का मामला अभी नहीं सुलझा है। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि राधेश्याम की हत्या के मामले में दो महिलाओं समेत पांच लोगों से पूछताछ की गई है। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व वेगनआर कार में परतापुर के इस युवक का शव एक आलू की बोरी में छिपाकर लाया गया था। हत्यारे शव को कार मे ही छोड़कर फरार हो गए थे।
सड़क हादसे में दो युवक घायल
मीरापुर। बुलंदशहर से पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे मीरापुर के दो युवक रामराज थानाक्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना मे घायल हो गए। मीरापुर के मोहल्ला पछाला निवासी राजपाल के पुत्र अजय और विजय बाइक से मीरापुर आ रहे थे। रामराज थाना क्षेत्र में हाइवे पर बैंक के सामने विपरीत दिशा से आ रही एक एंबुलेंस ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मुजफ्फरनगर उपचार के लिये भेजा है।
ढाबे में तोड़फोड़ की
मीरापुर। रिजवान निवासी मुझेड़ा सादात ने थाने में तहरीर देकर बताया कि दोपहर करीब तीन बजे करीब एक दर्जन युवक उसके ढाबे पर आए और बैठकर शराब पीने लगे। रिजवान ने शराब पीने से मना किया तो युवकों ने झल्लाकर ढाबे में जमकर तोड़फोड़ की। इस तोड़फोड़ में ढाबा कर्मचारी हारुण को भी चोट आई। तोड़फोड़ में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके पर आकर मामले की छानबीन की। मगर, तब तक आरोपी भाग निकले।
महिला पर हमला किया
मीरापुर। गांव मुझेड़ा सादात की एक महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके पति की अनुपस्थिति में गांव के दो युवकों ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के विरोध करने पर आरोपी भाग निकले। कुछ देर बाद घर आए पति को महिला ने घटना की जानकारी दी। पति ने आरोपियों से पूछताछ की तो दोनो ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
टिकौला मिल पर धरना कल
मीरापुर। भारतीय किसान यूनियन गन्ना उत्पादक किसानों की मांगो को लेकर 22 जून को टिकौला चीनी मिल परिसर में धरना देंगी। इस संबंध में भाकियू की एक बैठक गांव शिवपुरी में नरेश कुमार के आवास पर आयोजित की गई। इसमें टिकौला चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक के रवैये की कड़ी आलोचना की गई। वक्ताओं का आरोप है कि मिल के केन मैनेजर ने पेराई सत्र के दौरान किसानों का शोषण किया है। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 22 जून को भाकियू टिकौला चीनी मिल में अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन करेगी। सभा में मुख्य रूप से योगेंद्र राठी, सतीश भारद्वाज, राजवीर चौधरी, शाह आलम, डॉ. आशु, अखिलेश चौधरी, अनिल, राम सिंह, सचिन, राजीव तोमर, विनय भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
भाग सिंह आर्य को श्रद्घांजलि दी
मीरापुर। शोकसभा में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने समाजसेवी बाबू भाग सिंह आर्य को श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षेत्रीय विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने उन्हें नमन किया। मेरठ के विशाल जैन ने उनकी स्मृति में गेट बनवाने की घोषणा की। नजीर हैदर जैदी ने अपनी शायरी के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। बडे़ बेटे वेद प्रकाश आर्य ने क्षेत्र की संस्थाओं का सहयोग करने की घोषणा की।