बाइक सवार दो बदमाशों को पकड़ा
खतौली।
पुलिस ने लूटपाट की फिराक में खड़े बाइक सवार दो बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों के कब्जे से लूटी गई दो हजार रुपये की नगदी, चोरी की बाइक, मोबाइल सहित तमंचा व चाकू बरामद किया। पुलिस ने बदमाशों को जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार की सुबह भैंसी चौकी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ एसएसपी के आदेश और सीओ के निर्देशन में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि अलकनंदा गंगनहर पुल के पास बाइक सवार दो बदमाश राहगीरों से लूटपाट करने की फिराक में खड़े हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम व पता मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सूजडू खलासा पटटी निवासी अब्दुल्ला पुत्र सईद व कामिल पुत्र असगर बताए हैं। बदमाशों के कब्जे से लूटी गई दो हजार रुपये की नगदी, चोरी की बाइक, लूटे गए छह मोबाइल समेत तमंचा व चाकू मिले हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि बदमाशों ने सोमवार को मोहल्ला जैननगर निवासी राजेश पुत्र महावीर से नगदी व मोबाइल लूटा था। पुलिस ने राजेश की ओर से लूट का मुकदमा दर्जकर दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।
बदमाशों पर कई थाने में 12 मुकदमे दर्ज
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश कामिल पर छह मुकदमे थाना खतौली के अलावा रुड़की, मंगलौर, कनखल में लूट व चोरी के दर्ज हैं। बदमाश अब्दुल्ला पर भी छह मुकदमे थाना खतौली के अलावा रुड़की, मंगलौर, कनखल में लूट व चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश पकडने की टीम में इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज, एसआई सुनील कुमार शर्मा, एसआई सुनील शर्मा, एसआई कृष्णपाल, कांस्टेबल सोहनवीर सिंह व प्रमोद कुमार शामिल रहे।