मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने खादरवाला मामले में एक पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही चार हमलावरों को हिरासत में ले लिया है। उधर, दूसरा पक्ष भी रिपोर्ट दर्ज कराने को प्रयासरत है। शहर कोतवाली क्षेत्र के दक्षिणी कृष्णापुरी-खादरवाला में शुक्रवार देर रात एक ही समुदाय के दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। पथराव और फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हमले में अमजद अली गंभीर घायल हुुआ था। पुलिस ने घायल के भाई औसत अली की तहरीर पर अहमद अली, कासिम, सलमान, शाहरुख, शहजाद, दानिश, जहीर अब्बास के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया हुआ है।
मोबाइल फोन छीना
मुजफ्फरनगर। बाइक सवार तीन बदमाश एक युवक से मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए। नई मंडी के द्वारिका पुरी निवासी मयंक मित्तल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह पुराने भोपा अड्डे पर एक मेडिकल स्टोर से दवाई लेने आया था, तो उसी समय उसका फोन आ गया। जिसे वह सुनने लगा। तभी बाइक सवार तीन बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
पंजाब पुलिस की कई स्थानों पर दबिश
मुजफ्फरनगर। पंजाब से पशु चोरी, गाड़ी चोरी, लूट और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पंजाब के संगरूर पुलिस ने शहर कोतवाली, सिविल लाइन और तितावी थाना क्षेत्र में दबिश दी। पंजाब पुलिस ने बघरा से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथियों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही। पंजाब के संगरूर जनपद के धूरी थाने के एसएचओ परवेंद्र और पंजाब सीआइए के एसएचओ हरवेंद्र सिंह टीम के साथ यहां आए। बताया कि बघरा निवासी असलम पुत्र इस्लाम को 300 ग्राम स्मैक और चोरी की गाड़ी सहित गिरफ्तार किया है। उसने अपने बाकी साथियों के नाम भी बताए है। जिस पर पुलिस ने अरशद, इरफान, आशू निवासीगण खालापार की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी है। पंजाब पुलिस अभी यहीं पर डेरा डाले हुए है।