छात्र ने गोली मारकर की खुदकुशी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के गांव रोहाना कलां में इंटर के छात्र उदित (17) ने तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि छात्र पढ़ाई को लेकर डिप्रेशन में चल रहा था। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। शाम को गमगीन माहौल में छात्र के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
उदित रोहना कलां निवासी किसान प्रवेश त्यागी का इकलौता बेटा था। शुक्रवार दुपहर में पिता जंगल में गया था। बहने स्कूल गई हुई थी। घर में मां अनिता मौजूद थी। इसी दौरान उदित कमरे में गया और तमंचा कनपटी से सटा कर गोली मार ली। गोली की आवाज सुन कर मां अनिता दौड़ कर कमरे में गई तो बेटा रक्तरंजित अवस्था में पड़ा था। उसकी चीख पुकार सुन कर पड़ोसी और कुटुंब वाले दौड़ कर आए। तुरंत ही उसे उठा कर जिला चिकित्सालय लेकर आए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया, मगर परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिस पर पुलिस ने लिखापढ़ी के उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पढ़ाई को लेकर अवसाद में था उदित
मुजफ्फरनगर। उदित की मौत से परिजनों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन कुछ भी बताते की स्थिति में नहीं है। शहर इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने परिजनों से पूछताछ के बाद बताया कि छात्र उदित पढ़ाई को लेकर अवसाद में चल रहा था। वह अमृत इंटर कॉलेज रोहाना में इंटरमीडिएट का छात्र था, जो गत वर्ष इंटर में पास नहीं हो सका था। अब फिर बोर्ड की परीक्षा आ रही है, इसी कारण वह डिप्रेशन में चल रहा था। इसी के चलते उसने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
तीन बहनों का इकलौता भाई था
मुजफ्फरनगर। उदित की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। घर में सबसे छोटा उदित तीन बहनों का इकलौता भाई था। बड़ी बहन नेहा की अभी हाल ही में 23 नवंबर को शादी हुई है। मझेली बहन दीक्षा और छोटी बहन प्राची पढ़ाई कर रही है। उदित की मौत से तीनों बहनों, मां और पिता समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पर उन्हें सांत्वना देने वाले रिश्तेदारों, परिचितों का तांता लगा है।