निकाह के एक दिन पहले प्रेमी संग युवती फरार
मुजफ्फरनगर(मुजफ्फरनगर)। निकाह से एक दिन पहले ही युवती अपने प्रेमी संग फरार हो गई। वह घर से जेवरात और सवा लाख रुपये भी ले गई। परिजनों ने नईमंडी कोतवाली पर उसके प्रेमी समेत दो के खिलाफ बहला-फुसला कर अपहरण कर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नईमंडी कोतवाली के क्षेत्र निवासी युवती का विवाह उसके परिजनों ने तय किया था। सोमवार को युवती की बारात आनी थी, जिसको लेकर घर में निकाह की सभी तैयारियां हो रही थीं। घर में मेहमान आ गए थे। सब निकाह की तैयारियों में लगे थे। निकाह से एक दिन पहले ही युवती अचानक घर से लापता हो गई, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवती की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान परिजनों को पता चला कि युवती घर में रखे जेवर और एक लाख 32 हजार रुपये भी ले गई। परिजनों ने छानबीन की तो पता चला कि उसका एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते उसका प्रेमी अपने दोस्त की मदद से उसे बहला-फुसला कर उसका अपहरण कर ले गया है। युवती के भाई ने बुधवार को प्रेमी और उसके दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।