मुजफ्फरनगर। शादी के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों ओर से तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ल हाजीपुरा निवासी आरिफ के भाई की शादी थी। शादी समारोह के दौरान डीजे बजवाया गया था। डीजे पर डांस करते हुए दो पक्षों में मामूली कहासुनी हो गई, जिसके चलते उनमें मारपीट हो गई। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने एक पक्ष के मेहरबान निवासी कल्याणपुर, रतनपुरी व आरिफ निवासी हाजीपुरा और दूसरे पक्ष के शारिक निवासी हाजीपुरा को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संगीन आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों का चालान कर दिया।
किशोरी का अपहरण किया
मुजफ्फरनगर। एक किशोरी को एक युवक बहला-फुसलाकर लेकर फरार हो गया। युवती की मां की ओर से तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नईमंडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी पांच जुलाई को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी अनेक स्थानों पर तलाश की। बाद में पुलिस को सूचना दी। किशोरी अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ कर गई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल निकवाई, तो पता चला कि किशोरी काफी समय से मुरादाबाद के एक ग्राम निवासी युवक से बात कर रही थी। पुलिस ने मुरादाबाद में जाकर जांच की, तो पता चला कि युवक भी घर से फरार है। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फैक्ट्री मालिक के खाते से आठ लाख उडाए
मुजफ्फरनगर। एक फैक्ट्री मालिक के खाते से आठ लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा दिए गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
खालापार के मोहम्मद शादाब अहमद ने बताया कि उसकी फैक्ट्री का खाता मेरठ में बागपत रोड स्थित पीएनबी की शाखा में है। 24 जुलाई को उसने बैंक जाकर खाता की रकम की जानकारी ली, तो बताया गया कि उसके खाते में नौ लाख रुपये हैं, जबकि उसके खाते में 17 लाख रुपये थे। जानकारी करने पर बैंककर्मी ने बताया कि चेक के माध्यम से आठ लाख रुपये मुजफ्फरनगर के शिवचौक स्थित पीएनबी के एक खाते में ट्रांसफर की गई है। जब उसने मुजफ्फरनगर बैंक में जाकर जानकारी हासिल की तो पता चला कि खालापार निवासी युवक ने फर्जी चेक के जरिये आठ लाख रुपये की रकम अपने पीएनबी के खाते में ट्रांसफर कराने के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी है। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले बेगराजपुर स्थित उसकी फैक्ट्री से एक ब्लैंक चेक भी गायब हो गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।