बेटे की हत्या की आशंका जताई
मुजफ्फरनगर। रोहाना के निकट 16 अप्रैल की सुबह मिली युवक की लाश के मामले में परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप लगाया कि उक्त दोनों युवक बेटे को घर से बुलाकर ले गए और हत्या कर लाश को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शहर कोतवाली के रोहाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक पर पड़ी मिली थी, जिसके चेहरे पर चोट के निशान थे और उसका एक पैर एड़ी से ट्रेन से कटा हुआ था। पैर का कटा हिस्सा भी मौके पर नहीं मिला था। युवक की पहचान बाद में गांव बहेड़ी निवासी रॉकी पुत्र मांगेराम के रूप में हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया था। बुधवार दोपहर रॉकी की मां सुमन ग्रामीणों के साथ शहर कोतवाली पहुंची और बेटे की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाते हुए गांव के ही दो युवकों पर उसे घर से बुलाकर ले जाने की बात कही। पीड़िता का कहना था कि 15 अप्रैल की रात पड़ोस में शादी-समारोह के दौरान डीजे पर गाने बजाने को लेकर रॉकी की गांव के ही दो युवकों से मारपीट हो गई थी। उस समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मामले को शांत करा दिया था, जिसके बाद मोनू घर लौट गया था। पीड़िता का कहना है कि देर रात करीब दस बजे वही दोनों युवक रॉकी को घर से बुलाकर ले गए थे, जिन्हें बाद में रोहाना की तरफ बाइक पर जाते देखा गया था। करीब दो घंटे तक भी रॉकी के घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। इसके बाद अगले दिन सुबह रेलवे ट्रैक पर रॉकी की लाश मिली थी। पीड़िता ने बेटे को घर से बुलाकर ले जाने वाले दोनों युवकों पर ही हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।