बालाजी की शोभायात्रा को लेकर खामपुर में तनाव
छपार (मुजफ्फरनगर)। खामपुर गांव में बालाजी जयंती के उपलक्ष्य निकाली गई शोभायात्रा में डीजे पर तेज आवाज में गीत बजाने और दूसरे समुदाय की घनी आबादी के बीच से झांकी निकालने को लेकर तनाव हो गया। ग्राम प्रधान ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
छपार थाना क्षेत्र के गांव खामपुर में बालाजी जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा को ट्रैक्टर ट्राली व घोडाबुग्गी में सजाया गया। उक्त यात्रा गांव रेई में स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई, जो गांव बढ़ीवाला होते हुए तीसरे गांव खामपुर पहुंची। उसके बाद यात्रा को गांव की गलियों से शिव मंदिर होते हुए जाटव कालोनी से छपार रोहाना मार्ग से गांव के बाहर शिव मंदिर पर यात्रा का समापन किया गया। वहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा में डीजे पर भक्ति गीतों पर भक्तों ने खूब डांस किया। इस बीच डीजे पर भक्ति गीतों के तेज आवाज में बजाने और दूसरे समुदाय के बीच से यात्रा निकालने को लेकर तनाव हो गया। किसी ग्रामीण ने फोन से प्रधान मोहम्मद आमिर को मामले की जानकारी दी। प्रधान ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। छपार इंस्पेक्टर एचएन सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और मौके का जायजा लिया। इस दौरान प्रधान ने प्रभारी के सामने विरोध करते हुए कहा कि गांव में पहली बार झांकी का आयोजन हुआ है पहले कभी नहीं हुआ। झांकी दूसरे समुदाय की आबादी से नहीं निकालनी चाहिए थी। प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को समझाबुझा कर शांत किया। शोभायात्रा में पीयूष राणा जिला संयोजक बजरंग दल, सतेंद्र एडवोकेट जिला महामंत्री विश्व हिंदू परिषद, यतेंद्र त्यागी प्रधान रेई, हिमांशु, अश्वनी, रविपाल, मेघराज सिंह नवजीत सिंह, सोनी बजरंगी, संदीप बजरंगी, राजन, कुलदीप, मुकुल, नकुल, मुकेश, बन्टी, सुनील, सचिन, चीनू, विकास, ब्रिजेश, आदि मौजूद रहे।
जंगल में किशोरी से छेड़छाड़
छपार। जंगल में खाना लेकर जा रही किशोरी के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। पीडिता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छपार क्षेत्र निवासी किशोरी बुधवार को अपने परिजनों का खाना लेकर जंगल में जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसे अकेली देखकर उसके साथ छेड़खानी की। किशोरी ने विरोध करते हुए शोर मचाया ,तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। उसकी मां ने आरोपी के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।