खेत पर काम कर रही महिला से मारपीट
भोपा। गांव विलायतनगर में खेत पर काम कर रही महिला पर दो लोगों ने फावड़े से हमला कर लहूलुहान कर दिया। मां को बचाने पहुंचे दिव्यांग बेटे से भी मारपीट की गई। दोनों पक्षों के बीच करीब एक माह पूर्व हुए युवती के अपहरण को लेकर रंजिश चल रही है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव विलायत नगर निवासी राजकुमारी पत्नी बालकिशन शुक्रवार सुबह दिव्यांग बेटे रविंद्र के साथ खेत पर गई थी। आरोप है कि गांव के ही दो लोग खेत पर पहुंचे और महिला से गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों पर महिला पर फावड़े से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। वहीं, मौजूद दिव्यांग रविंद्र ने मां को बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर मचाने पर हमलावर धमकी देेते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन पुलिस को घटना की सूचना देकर घायल महिला को सीएचसी ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। महिला के परिजनों का कहना है कि करीब एक माह पूर्व हमलावर पक्ष की एक युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी, जिसमें आरोपियों द्वारा महिला व उसके परिजनों पर युवती के अपहरण का शक जताया जा रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश में महिला पर हमला किया गया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।