प्रेमी युगल को जान का खतरा
मुजफ्फरनगर। परिजनों की मर्जी के खिलाफ निकाह करने वाले प्रेमी युगल को अपने परिजनों से जान का खतरा बना है। प्रेमी युगल ने मंगलवार को एसएसपी के यहां पहुंच कर प्रार्थना पत्र कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एसएसपी के यहां शहर कोतवाली के लद्दावाला की शिरी जैदी अपने पति यूसुफ गौहर उर्फ हनी के साथ पहुंची। एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वो दोनों बालिग हैं। दोनों के बीच दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, मगर परिजन निकाह के लिए राजी नहीं थे। उन्होंने29 नवंबर को निकाह कर लिया। मैरिज रजिस्ट्रेशन के लिए गाजियाबाद रजिस्ट्रार के यहां आवेदन किया और सुरक्षा के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में सिविल पिटीशन दायर की है। शिरी ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसके पति के खिलाफ सिविल लाइन थाने में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके विरुद्ध भी हाईकोर्ट में पिटीशियन दाखिल की, जिस पर कोर्ट ने उसके पति की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। आरोप लगाया कि अब उसके परिजन उनकी हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। 18 दिसंबर को भी शिरी ने प्रार्थना पत्र दिया था। मगर जांच अधिकारी उस पर मां से बात करने का दबाव बना रही है। शिरी ने दोनों के बयान एसएसपी से अपने समक्ष दर्ज कराने और सुरक्षा की मांग की है।