श्रमिकों ने ठेकेदार को धुना
मुजफ्फरनगर। शहर के मिमलाना रोड निवासी आकिल ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके पिता जरीफ ठेकेदार हैं। फिलहाल वे मल्हूपुरा में सड़क निर्माण करा रहे हैं। आरोप है कि सड़क निर्माण के काम में दो मजदूर भी लगे हुए थे, जिनसे शनिवार शाम के समय ठेकेदार जरीफ से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों मजदूूरों ने जरीफ पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी से मारपीट का आरोपी पति धरा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव खांजापुर निवासी कविता ने रविवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घर में पति द्वारा अकारण मारपीट करने की सूचना दी। इस पर डायल-100 मौके पर पहुंची और आरोपी पति रविंद्र को हिरासत में ले लिया। बाद में आरोपी का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया।
हाईवे पर हादसे में युवक घायल
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर शनिवार शाम एक रिसॉर्ट के निकट सड़क पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गांव जड़ौदा निवासी बाबूदीन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, हादसे का आरोपी वाहन चालक फरार हो गया।