महिला थाने में मां-बेटी का हंगामा, मांगा इंसाफ
मुजफ्फरनगर। महिला थाने में दहेज के मामले में कार्रवाई न होने पर मां-बेटी ने घंटों हंगामा किया। पुलिस पर जानबूझकर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए। घंटों तक थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। बाद में पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर महिला और उसकी बेटी को शांत किया।
मूलरूप से गांव सिखरेड़ा निवासी निर्मला चौधरी वर्तमान में परिवार के साथ मोहल्ला आर्यपुरी में रहती हैं। निर्मला का आरोप है कि बेटी शिवानी उर्फ टीना का विवाह गांव गढ़ी दाहजोड़ी बड़ौत निवासी गौरव पुत्र राजवीर के साथ वर्ष 2013 में किया था। आरोप है कि शादी के बाद ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर शिवानी का उत्पीड़न कर रहे थे। मामले की महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज है। शुक्रवार को निर्मला और उसकी बेटी शिवानी थाने पर पहुंचीं। पुलिस पर आरोपियों के साथ मिले होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मां-बेटी की महिला थाना प्रभारी मीनाक्षी के साथ भी कहासुनी हुई। इससे थाने में हंगामा खड़ा हो गया। अन्य फरियादियों में भी मामले को लेकर अफरातफरी मच गई। किसी प्रकार महिला और उसकी बेटी को पुलिस ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
-