खुराफातियों को गिरफ्तार करो
छपार (मुजफ्फरनगर)। बरला गांव में ईद-उल-अजहा के दिन धर्मस्थल में शरारती तत्वों ने मांस फेंक कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने छह लोगों के विरुद्ध तहरीर ली, मगर मुकदमा दर्ज नहीं किया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। रविवार शाम को ग्रामीणों ने बैठक कर छपार इंस्पेक्टर को हटाने की मांग की है।
गांव बरला में शनिवार को शरारती तत्वों द्वारा एक धर्मस्थल में मांस फेंककर फिजा खराब करने का प्रयास किया। इससे गांव में आक्रोश फैल गया। गांव पहुंचे एसडीएम शीतला प्रसाद गुप्ता, सीओ सदर योगेंद्र सिंह ने छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर ली थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इससे गांव में रोष बना हुआ है। भाजपा नेता राकेश आडवाणी के निवास पर रविवार शाम को ग्रामीणों की मीटिंग हुई। जिसमें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आक्रोश जताया गया। साथ ही छपार इंस्पेक्टर राजीव गुप्ता को हटाए जाने की मांग की गई। ग्राम प्रधान के पति अरविंद त्यागी, अंकुर पप्पू प्रमात्मा, शरण, अनिल त्यागी, सेवाराम शर्मा, शिव कुमार, गजे सिंह, सोनू वाल्मीकि, डॉ मुकेश, ललित त्यागी आदि मौजूद रहे।