खालापार बवाल के आरोपी पर रासुका लगाई
मुजफ्फरनगर। डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी अनंत देव ने खालापार बवाल के एक आरोपी इमरान के विरुद्ध रासुका की कार्रवाई की है। एनएसए की कार्रवाई के बाद रविवार देर रात शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने जिला कारागार में जाकर आरोपी इमरान को रासुका की तालीम करा दी है। प्रशासन ने इस बवाल के छह अन्य आरोपियों पर भी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की है। इन्हें भी जल्द एनएसए में निरुद्ध किया जाएगा।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खालापार के कस्सावान में 27 जून को यह बवाल हुआ था। अवैध कटान की सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस पर अवैध कटान करने वालों ने हमला किया था, जिसमें पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त किया गया था। इस संबंध में पुलिस ने एक दर्जन को नामजद करते हुए करीब एक सौ से अधिक आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस एक दर्जन आरोपियों को जेल भेज चुकी है, जबकि काफी अभी फरार है। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि डीएम और एसएसपी ने खालापार बवाल के एक मुख्य आरोपी इमरान उर्फ सेंदू पुत्र जमील निवासी कस्सावान के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की है। रविवार रात को ही शहर इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने जिला कारागार पहुंच कर जेल में बंद इमरान को रासुका की कार्रवाई की तामील करा दी है। उन्होंने बताया कि इस बवाल मेें छह अन्य आरोपियों के खिलाफ भी रासुका की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।