हमले में पिता व पुत्र घायल
पुरकाजी। गांव खाईखेड़ी में सुरेश की पुत्री की बरात शुक्रवार को गांव भैंसानी से आई थी। शाम के समय बरात की चढ़त हो रही थी। इसी समय गांव का ही अशोक व उसका पुत्र प्रदुम्मन भैंसा बुग्गी लेकर कुछ सामान लेने जा रहे थे, जिनकी लड़की के पिता सुरेश के साथ कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में पिता-पुत्र घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते प्रदुम्मन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कच्ची शराब के साथ आरोपी को जेल भेजा
मीरापुर। पुलिस ने गांव मुकल्लमपुरा निवासी राजकुमार उर्फ घोड़ा को सैनी ईंट भट्ठा तिराहे से 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार राजकुमार बृहस्पतिवार की शाम सात बजे शराब लेकर अपने गांव की ओर जा रहा था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।