हाईवे पर बदहवास हालत में मिली तीन दिन से लापता किशोरी
पुरकाजी। कस्बे से तीन दिन पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हुई किशोरी बृहस्पतिवार देर रात हाईवे पर बदहवासी की हालत में मिली। सूचना पर परिजन किशोरी को घर ले गए, जहां उसने पूछताछ में दो युवकों पर नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया। शुक्रवार सुबह परिजनों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते हुए थाने पहुंचकर हंगामा किया, जिन्हें जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया गया।
कस्बे के मोहल्ला निवासी 14 साल की किशोरी 26 फरवरी को संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद किशोरी का सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात किशोरी हाईवे पर कस्बे के बाहरी छोर पर बदहवास हालत में मिली, जिसे पहचानकर कुछ लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। इस पर परिजन किशोरी को घर ले गए। पीड़ित परिजनों के अनुसार पूछताछ में किशोरी ने मोहल्ले के ही दो युवकों पर नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया। इस पर परिजन एक आरोपी के घर पहुंचे तो उसके परिजनों ने उल्टे किशोरी के परिजनों पर फैसले का दबाव बनाते हुए धमकियां दे डाली। इससे गुस्साए परिजन ग्रामीणों के साथ पीड़ित किशोरी को लेकर शुक्रवार सुबह थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर महेंद्र पाल सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देते हुए परिजनों को शांत किया।